विधवा, वृद्ध और दिव्यांग लाभुकों के सामने खाने-पीने से लेकर दवा तक का संकट; कार्यालय के चक्कर काट रहे जरूरतमंद, बीडीओ बोले- जल्द होगा भुगतान।
इकबाल हुसैन
महेशपुर/पाकुड़। सरकारी पेंशन के भरोसे गुजर-बसर करने वाले विधवा, बुजुर्ग और दिव्यांग लाभुकों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। महेशपुर प्रखंड में पिछले आठ महीने से पेंशन का भुगतान नहीं होने के कारण जरूरतमंद आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि कई लाभुकों के सामने रोजमर्रा के खर्च के साथ-साथ खाने-पीने और जरूरी दवाइयों का इंतजाम करना भी मुश्किल हो गया है। पेंशन भुगतान की जानकारी लेने के लिए कुछ लाभुक प्रखंड कार्यालय पहुंचे। इस दौरान अनुपडंगा गांव निवासी दिव्यांग जीतेन राय और फुलमुनी राय ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि उन्हें पिछले आठ महीने से पेंशन नहीं मिली है। पेंशन ही उनके जीवनयापन का एकमात्र सहारा है। इसके बंद रहने से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। लाभुकों का कहना है कि अपनी समस्या को लेकर वे कई बार प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन हर बार आश्वासन ही मिलता है। खाते में पेंशन की राशि नहीं आने से उनकी आर्थिक परेशानियां लगातार बढ़ती जा रही हैं। सबसे अधिक परेशानी उन बुजुर्गों और दिव्यांगों को हो रही है, जो अपनी जरूरतों के लिए पूरी तरह सरकारी पेंशन पर निर्भर हैं। लाभुकों ने जिला प्रशासन और प्रखंड प्रशासन से बकाया आठ महीने की पेंशन का जल्द भुगतान कराने की मांग की है, ताकि उन्हें आर्थिक तंगी से राहत मिल सके।
बीडीओ ने दिया जल्द भुगतान का भरोसा
मामले में महेशपुर बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने बताया कि कुछ लाभुकों की पेंशन का भुगतान ट्रेजरी में आ गया है। शेष लाभुकों की राशि भी बहुत जल्द आने वाली है। उन्होंने जल्द भुगतान होने की बात कही।









