हिंदी और अंग्रेजी में प्रकाशित पुस्तकों में झारखंड की राजनीति, आदिवासी अस्मिता और सत्ता के समीकरणों को किया गया है रेखांकित
रांची। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के राजनीतिक जीवन, संघर्ष और झारखंड की सियासत के विभिन्न पहलुओं को अब किताबों के जरिए सामने लाने की कोशिश की गई है। पत्रकार एवं लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और प्रकाशक संस्था ‘और एक प्रयास’ की अध्यक्ष लक्ष्मी कुमारी ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर उनके राजनीतिक जीवन पर आधारित दो पुस्तकें भेंट कीं।
दोनों पुस्तकें हिंदी और अंग्रेजी भाषा में प्रकाशित की गई हैं। हिंदी पुस्तक का शीर्षक हूल से हेमंत तक—आदिवासी अस्मिता, सत्ता और संघर्ष की अनकही दास्तान है, जबकि अंग्रेजी पुस्तक The Invisible Coup: Hemant Soren, Jharkhand and the Politics of Power नाम से प्रकाशित हुई है।
प्रकाशक संस्था ‘और एक प्रयास’ की ओर से प्रकाशित इन पुस्तकों के शीर्षकों से ही इनके विषयों का दायरा स्पष्ट होता है। एक ओर जहां हिंदी पुस्तक में आदिवासी अस्मिता, ऐतिहासिक संघर्ष और हेमंत सोरेन के राजनीतिक सफर को केंद्र में रखा गया है, वहीं अंग्रेजी पुस्तक में झारखंड की राजनीति और सत्ता के समीकरणों को रेखांकित किया गया है। मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान लेखक डॉ. सोमनाथ आर्य और लक्ष्मी कुमारी ने दोनों पुस्तकों की प्रतियां उन्हें भेंट कीं। इस मुलाकात के जरिए मुख्यमंत्री के राजनीतिक जीवन और झारखंड की सियासत से जुड़े विमर्श को साहित्यिक रूप में सामने लाने की पहल भी चर्चा में आई।






