पाकुड़िया: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाकुड़िया में शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की पहल पर +2 हाईस्कूल पाकुड़िया के छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण कराया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अस्पताल की कार्यप्रणाली को करीब से जाना और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन की प्रक्रिया को समझा। भ्रमण के दौरान छात्र-छात्राओं को अस्पताल के विभिन्न विभागों, चिकित्सा कक्षों और उपलब्ध उपकरणों का अवलोकन कराया गया। चिकित्सकों एवं नर्सों से परिचय कराते हुए उन्हें मरीजों की जांच, उपचार, दवाइयों के वितरण और अन्य स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी दी गई। स्वास्थ्य कर्मियों ने बताया कि अस्पताल में मरीजों को किस प्रकार चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाती है और स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में विभिन्न कर्मियों की क्या भूमिका होती है। इस शैक्षणिक पहल का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वास्थ्य व्यवस्था की जमीनी कार्यप्रणाली से परिचित कराने के साथ चिकित्सा क्षेत्र के प्रति उनकी समझ और जागरूकता बढ़ाना था। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने अस्पताल की व्यवस्था को देखा और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।






