मतदाताओं से आमने-सामने हुईं रूबरू, दस्तावेजों की समस्या दूर करने के दिए निर्देश; 18 साल पूरे कर चुके युवाओं से नाम जुड़वाने की अपील
पाकुड़। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में कोई पात्र मतदाता छूट न जाए, इसके लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने शनिवार को लिट्टीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों पर पहुंचकर जमीनी स्तर पर सुपर चेकिंग की। इस दौरान उन्होंने केवल अभिलेखों की जांच तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि मतदाताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया। उपायुक्त ने हिरणपुर प्रखंड के अपग्रेड हाई स्कूल तोड़ाई स्थित मतदान केंद्र संख्या 148, पंचायत भवन जबरदाहा स्थित बूथ संख्या 85 तथा लिट्टीपाड़ा प्रखंड के करियोडीह बूथ संख्या 65, मध्य विद्यालय लिट्टीपाड़ा बूथ संख्या 33 और बीचामहल बूथ संख्या 35 का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने गणना प्रपत्र, नोटिस और सत्यापन से जुड़े मामलों की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली।
दूसरे प्रखंडों के दस्तावेज बने परेशानी, एक सप्ताह में समाधान की पहल।
जांच के दौरान कुछ ऐसे मामले सामने आए, जिनमें मतदाताओं ने दूसरे प्रखंडों अथवा अन्य स्थानों से आवश्यक दस्तावेज और प्रमाणपत्र प्राप्त करने के लिए आवेदन दिया है, लेकिन अब तक उनका निष्पादन नहीं हो सका है। उपायुक्त ने ऐसे सभी मामलों को चिह्नित कर अगले एक सप्ताह के भीतर समाधान कराने का प्रयास करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दूसरे जिलों में स्थानांतरित हो चुके मतदाताओं को भी सत्यापन और दस्तावेजों के लिए अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। उपायुक्त ने कहा कि एसआईआर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ऐसे में विशेष सर्वे और सुपर चेकिंग के माध्यम से यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि गणना प्रपत्र जमा करने वाले प्रत्येक मतदाता की स्थिति स्पष्ट हो और किसी तरह की समस्या सामने आने पर उसका समाधान किया जा सके।
18 साल के युवाओं से भी अपील।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं से मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा अपने संबंधित बूथ स्तरीय अधिकारी (बीएलओ) से संपर्क कर नाम जुड़वाने की प्रक्रिया पूरी करें। लोकतंत्र में प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी जरूरी है। एक भी योग्य मतदाता का नाम सूची से छूटना नहीं चाहिए। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और बीएलओ को एसआईआर कार्य में पूरी गंभीरता एवं सक्रियता बरतने का निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए। जिला प्रशासन का प्रयास है कि सत्यापन की प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से पूरी हो और सभी पात्र मतदाताओं का नाम सूची में सुनिश्चित रहे।







