उप निर्वाचन पदाधिकारी ने अमड़ापाड़ा में बीएलओ टीम के कार्यों की समीक्षा की, 18 साल पूरे कर चुके युवाओं का नाम जोड़ने पर दिया जोर।
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए निर्वाचन विभाग ने कवायद तेज कर दी है। गुरुवार को उप निर्वाचन पदाधिकारी ने अमड़ापाड़ा प्रखंड सभागार में पेशकार टीम के साथ बैठक कर विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि कोई भी पात्र मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित नहीं रहना चाहिए। समीक्षा के दौरान होम-टू-रोल वेरिफिकेशन और मतदाताओं के विवरणों के सत्यापन की स्थिति की जानकारी ली गई। उप निर्वाचन पदाधिकारी ने एक अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए प्रपत्र-6 भरवाने का निर्देश दिया। साथ ही बीएलओ सुपरवाइजर को अपने क्षेत्र में बीएलओ के कार्यों की नियमित निगरानी करने को कहा। इसके बाद उन्होंने कन्या मध्य विद्यालय स्थित मतदान केंद्र संख्या 204 का निरीक्षण कर सत्यापन कार्य का जायजा लिया। संबंधित बीएलओ से कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए मतदाताओं के विवरणों की सावधानीपूर्वक जांच करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में शुद्धता, पारदर्शिता और पात्र नागरिकों की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करना प्राथमिकता है। बैठक में एईआरओ सह प्रखंड विकास पदाधिकारी समेत संबंधित कर्मी मौजूद थे।





