दारुस सलाम ट्रस्ट व माहादुल फुरकान मदरसा के संयुक्त तत्वावधान में लगा शिविर
बाल रोग, जनरल फिजिशियन व नेत्र रोग विशेषज्ञों ने दी सेवाएं, चिकित्साकर्मियों को किया गया सम्मानित
पाकुड़ सदर प्रखंड अंतर्गत मालपहाड़ी ओपी क्षेत्र के सीतापहाड़ी गांव में गुरुवार को दारुस सलाम एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट के तत्वावधान एवं माहादुल फुरकान लिल उलूम अल-इस्लामिया मदरसा के सहयोग से एक दिवसीय निःशुल्क स्वास्थ्य जांच व दवा वितरण शिविर का आयोजन किया गया। स्वस्थ समाज के निर्माण व मानव सेवा के उद्देश्य से आयोजित इस शिविर में सीतापहाड़ी और आसपास के गांवों से पहुंचे कुल 310 मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें मुफ्त दवाइयां दी गईं।शिविर का संचालन मदरसा कार्यालय परिसर में सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक हुआ, जिसमें पुरुषों, महिलाओं और बच्चों का निःशुल्क पंजीकरण कर इलाज किया गया। शिविर में पहुंचे मरीजों की जांच एमबीबीएस चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अमीरुल इस्लाम (जनरल व शिशु रोग) एवं नेत्र रोग विशेषज्ञ की टीम ने की। डॉक्टरों ने मरीजों को उचित चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ-साथ आवश्यक दवाएं भी पूरी तरह मुफ्त उपलब्ध कराईं।

शिक्षा के साथ जनकल्याणकारी कार्य ट्रस्ट का संकल्प : मौलाना फरहान
मदरसे के प्रधानाचार्य मौलाना फरहान ने कहा कि दारुस सलाम एजुकेशनल एंड वेलफेयर ट्रस्ट शिक्षा के प्रसार के साथ-साथ समाज के गरीब, असहाय और वंचित तबकों के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पित है। उन्होंने कहा कि शिविर का मुख्य मकसद उन जरूरतमंद परिवारों तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा पहुंचाना है, जो आर्थिक तंगी के कारण समय पर बेहतर इलाज कराने से वंचित रह जाते हैं। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को दीनी व आधुनिक शिक्षा से जोड़ने की अपील करते हुए बताया कि संस्थान में 110 बच्चे डे-बोर्डिंग व्यवस्था के तहत गुणवत्तापूर्ण तालीम हासिल कर रहे हैं।

दूर जाने की परेशानी व खर्च से मिली मुक्ति : मंजूर
मदरसा प्रबंधन समिति के सक्रिय सदस्य मंजूर आलम ने बताया कि निजी क्लीनिकों में मरीजों को 200 से 500 रुपये तक परामर्श शुल्क (विजिट फीस) देना पड़ता है। इसके अलावा छोटी-बड़ी बीमारियों के लिए ग्रामीणों को मुड़ारो, राजग्राम या रामपुर जाना पड़ता था, जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता था। इस शिविर के माध्यम से ग्रामीणों को अपनी ही पंचायत और गांव में विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवा और दवाएं बिल्कुल मुफ्त मिली हैं, जिससे क्षेत्रवासियों को बड़ी राहत मिली है।

चिकित्सकों व स्वास्थ्यकर्मियों को स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
शिविर के सफल समापन पर मरीजों की निःस्वार्थ सेवा करने वाले विशेषज्ञ चिकित्सकों, लैब टेक्नीशियन, नर्सिंग स्टाफ व फार्मेसी टीम के सभी चिकित्साकर्मियों को संस्था की ओर से स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंट कर सम्मानित किया गया और आभार व्यक्त करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। आयोजकों ने बताया कि संस्था का उद्देश्य केवल शिक्षा तक सीमित न रहकर समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी सेवाएं पहुंचाना है और भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य शिविर लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे। शिविर को सफल बनाने में ट्रस्ट के पदाधिकारियों, मदरसा प्रबंधन के सदस्यों व स्थानीय ग्रामीणों ने सक्रिय भूमिका निभाई।






