राष्ट्रीय युवा महोत्सव में मेधा और प्रतिभा का प्रदर्शन, लोकनृत्य में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पाकुड़ और लोकगीत में डीएवी स्कूल ने मारी बाजी।
पाकुड़। युवाओं की ऊर्जा और प्रतिभा ही देश के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत है। जरूरत है कि युवा नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा का उपयोग शिक्षा, कौशल और राष्ट्र निर्माण में करें। सोशल मीडिया पर दिखावे और दूसरों से तुलना करने के बजाय अपने लक्ष्य पर ध्यान दें। यह संदेश उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने गुरुवार को डीएवी पब्लिक स्कूल में आयोजित जिला स्तरीय राष्ट्रीय युवा महोत्सव-2027 के दौरान युवाओं को दिया। खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय, झारखंड और जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव में लोकनृत्य, लोकगीत, कविता लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का उद्घाटन उपायुक्त मेघा भारद्वाज, जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पूर्ति, जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार और विद्यालय के प्राचार्य ने दीप प्रज्वलित कर किया। उपायुक्त ने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति का जीवन बर्बाद नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार को आर्थिक और सामाजिक रूप से प्रभावित करता है। युवावस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण समय है। इस दौरान युवाओं को नई चीजें सीखने, अपनी क्षमता पहचानने और भविष्य की मजबूत नींव तैयार करने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने नशे की समस्या से जूझ रहे युवाओं को उचित सहायता और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर कहा कि वहां दिखाई देने वाली हर चीज वास्तविक जीवन नहीं होती। दूसरों की जीवनशैली देखकर अपनी तुलना करना युवाओं में अनावश्यक तनाव और मानसिक दबाव पैदा करता है। सोशल मीडिया का इस्तेमाल मनोरंजन के साथ ज्ञान और कौशल बढ़ाने के लिए भी होना चाहिए। युवा इतिहास, विज्ञान, भू-राजनीति और तकनीक जैसे विषयों से जुड़कर अपनी जानकारी बढ़ाएं। सोशल मीडिया जीवन का हिस्सा बने, पूरा जीवन नहीं। उपायुक्त ने युवाओं से पढ़ाई के प्रति गंभीर रहने, माता-पिता और शिक्षकों का सम्मान करने तथा अनुशासन, मेहनत और ईमानदारी को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवाओं की जिम्मेदारी केवल अपना भविष्य संवारना नहीं, बल्कि परिवार, समाज और देश की प्रगति में योगदान देना भी है।

विजेता अब प्रमंडल स्तर पर दिखाएंगे दम।
प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को प्रमंडल स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहां से चयनित प्रतिभागी राज्य स्तर पर और राज्य स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का प्रतिनिधित्व करेंगे।

इन प्रतिभागियों ने हासिल किया स्थान।
सामूहिक लोकनृत्य में कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, पाकुड़ प्रथम, रानी ज्योतिर्मय विद्यालय द्वितीय और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, हिरणपुर तृतीय स्थान पर रहा। सामूहिक लोकगीत में डीएवी पब्लिक स्कूल पाकुड़ ने प्रथम, रानी ज्योतिर्मय विद्यालय ने द्वितीय और कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पाकुड़ ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में स्वस्तिका रानी प्रथम, अंकिता सरकार द्वितीय और आहोना बनर्जी तृतीय रहीं। चित्रकला में हर्ष राज प्रथम, तान्या सिंह द्वितीय और अर्पिता कर्मकार तृतीय स्थान पर रहे। समापन समारोह में उप विकास आयुक्त अरविंद कुमार लाल ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने युवाओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी बेहतर प्रदर्शन करने और जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। आयोजन में महिला कॉलेज, एनएसएस, माय भारत और जिला खेल विभाग का योगदान रहा।







