Search

November 5, 2026 8:49 pm

सड़क पर कोयला वाहनों की बेलगाम रफ्तार, खेत में जा घुसा ट्रेलर; किसान की धान की फसल तबाह।

नवाडीह पुल के पास अहले सुबह हुआ हादसा, मुआवजा मिलने तक ट्रेलर नहीं हटाने पर अड़ा किसान; ग्रामीणों ने प्रशासन की चुप्पी पर उठाए सवाल।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। लिट्टीपाड़ा–हिरणपुर मुख्य सड़क पर कोयला वाहनों की बेलगाम रफ्तार अब किसानों की मेहनत को भी रौंदने लगी है। गुरुवार अहले सुबह नवाडीह पुल के समीप एक खाली कोयला ट्रेलर अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे धान के खेत में जा घुसा। हादसे में जानमाल का नुकसान तो नहीं हुआ, लेकिन किसान की तैयार हो रही धान की फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई। जानकारी के अनुसार, ट्रेलर संख्या जेएच 04 एजी 6010 पाकुड़ से अमड़ापाड़ा प्रखंड की कोयला खदान में लोडिंग के लिए जा रहा था। इसी दौरान नवाडीह पुल के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्रेलर सड़क से नीचे खेत में जा गिरा। घटना के बाद किसान ने नुकसान का उचित मुआवजा मिलने तक ट्रेलर को खेत से नहीं हटाने देने की बात कही है। ग्रामीणों का आरोप है कि कोयला परिवहन के लिए अलग सड़क उपलब्ध होने के बावजूद लिट्टीपाड़ा–हिरणपुर मुख्य मार्ग पर सैकड़ों भारी वाहनों का परिचालन धड़ल्ले से हो रहा है। तेज रफ्तार वाहनों के कारण इस सड़क पर पहले भी कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और लोगों की जान जा चुकी है। इसके बावजूद भारी वाहनों की आवाजाही पर लगाम नहीं लगना प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं, मुखिया शिव टुडू ने प्रशासन से मुख्य सड़क पर कोयला ट्रेलरों का परिचालन तत्काल बंद कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि आम जनता की सुरक्षा से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं किया जा सकता। यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो किसी दिन बड़ा हादसा कई परिवारों को उजाड़ सकता है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!