डीटीओ मुजाहिद ने देवघर एनएच के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेज मांगा एक्शन टेकन रिपोर्ट।
पाकुड़: झारखंड और पश्चिम बंगाल को जोड़ने वाले प्रमुख पाकुड़-धुलियान मुख्य मार्ग और इस पर स्थित तीन पुलियों की बदहाल स्थिति को लेकर जिला परिवहन विभाग ने गंभीर रुख अपनाया है। जिला परिवहन पदाधिकारी (डीटीओ) मो. मुजाहिद अंसारी ने राष्ट्रीय उच्च पथ निर्माण विभाग (एनएच), देवघर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को पत्र भेजकर सड़क व पुलियों की अविलंब मरम्मत कराने का आग्रह किया है।
डीटीओ ने पत्र में बताया है कि विगत 18 नवंबर को जिला सड़क सुरक्षा समिति के कर्मियों ने पाकुड़-धुलियान मुख्य मार्ग का भौतिक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान यह बात सामने आयी कि इस मार्ग पर स्थित चांदपुर, पृथ्वीनगर और चाचकी की तीनों पुलियां अत्यंत जर्जर अवस्था में हैं। इसके साथ ही मुख्य सड़क पर भी जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गये हैं, जिससे आम राहगीरों को रोजाना आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

प्रतिदिन गुजरते हैं हजारों भारी वाहन
पत्र में उल्लेख किया गया है कि अंतरराज्यीय मार्ग होने के कारण इस सड़क से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहनों के साथ-साथ भारी व्यावसायिक वाहनों का भी लगातार परिचालन होता है। जर्जर पुलिया और गड्ढों के कारण यहां कभी भी गंभीर सड़क दुर्घटना होने की प्रबल आशंका बनी हुई है। यदि समय रहते मरम्मत कार्य नहीं कराया गया, तो किसी बड़ी व अप्रिय घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। इसके अलावा सड़क की खस्ताहाल स्थिति को लेकर समाचार पत्रों में लगातार खबरें छपने से जिला प्रशासन और सरकार की छवि भी धूमिल हो रही है।
त्वरित कार्रवाई कर रिपोर्ट देने को कहा
डीटीओ मो. मुजाहिद अंसारी ने जनहित और सड़क सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए पाकुड़-धुलियान मुख्य मार्ग तथा तीनों जर्जर पुलियों की मरम्मत जल्द शुरू कराकर पूर्ण करने का अनुरोध किया है। साथ ही इस दिशा में की गयी कार्रवाई से संबंधित विस्तृत प्रतिवेदन (एक्शन टेकन रिपोर्ट) जिला परिवहन कार्यालय को उपलब्ध कराने को कहा है। इस पत्र की प्रतिलिपि सूचनार्थ पाकुड़ के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक को भी प्रेषित की गयी है।






