ई-कोर्ट प्रशिक्षण में अधिवक्ताओं को सिखाई गई ऑनलाइन फाइलिंग और डिजिटल भुगतान की प्रक्रिया, न्यायिक व्यवस्था होगी हाईटेक।
पाकुड़: न्यायालय की तारीख, दस्तावेजों की फाइलिंग और कोर्ट फीस जमा करने के लिए अब पारंपरिक प्रक्रिया पर निर्भरता कम होने वाली है। पाकुड़ व्यवहार न्यायालय भी डिजिटल न्यायिक व्यवस्था की ओर कदम बढ़ा रहा है। यहां वर्ष 2027 में वर्चुअल कोर्ट शुरू होने की संभावना है। इसी तैयारी के तहत शनिवार को व्यवहार न्यायालय के सभागार में अधिवक्ताओं और अधिवक्ता लिपिकों को ई-कोर्ट की नई तकनीक और ऑनलाइन न्यायिक प्रक्रियाओं का प्रशिक्षण दिया गया।
झारखंड ज्यूडिशियल एकेडमी के दिशा-निर्देश पर ईसीटी-7/2026 के तहत आयोजित प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर अधिवक्ता दीनानाथ गौस्वामी और अधिवक्ता कौशर आलम ने डिजिटल फाइलिंग, नए सॉफ्टवेयर, प्रोसेस फीस, कोर्ट फीस के ऑनलाइन भुगतान और रिफंड की प्रक्रिया समझाई। प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिवक्ताओं को भविष्य की डिजिटल न्यायिक व्यवस्था के लिए तकनीकी रूप से तैयार करना था। प्रशिक्षण में बताया गया कि एनआई एक्ट के मामलों के लिए नया सॉफ्टवेयर जोड़ा गया है, जो एज बॉयजर के माध्यम से काम करेगा। इसके लिए प्रत्येक अधिवक्ता को अपना पंजीकरण कराना होगा। पंजीकरण के बाद अधिवक्ता स्वयं ऑनलाइन मुकदमों की फाइलिंग कर सकेंगे। दस्तावेज तैयार करने के लिए लिब्रे ऑफिस और हाइब्रिड पीडीएफ की उपयोगिता भी बताई गई। कोर्ट फीस भुगतान की प्रक्रिया समझाते हुए ई-ग्रास पोर्टल की जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनरों ने बताया कि कोर्ट फीस जमा करते समय 8443 मद का चयन करने पर रिफंड की सुविधा मिल सकती है, जबकि 0030 मद में जमा राशि का रिफंड प्राप्त करने में काफी परेशानी और लंबा समय लग सकता है। आधार के माध्यम से लॉगिन कर ऑनलाइन भुगतान करने की प्रक्रिया का भी व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इस दौरान एनआई एक्ट से संबंधित सुप्रीम कोर्ट के वर्ष 2025 के संजीवन तारी बनाम किशोर एस. गोलोवर मामले के फैसले का हवाला देते हुए नए सॉफ्टवेयर की कार्यप्रणाली समझाई गई। प्रशिक्षण में अधिवक्ता सुखेंदु विकास रक्षित, कौशिक कुमार, जयदेव कुमार झा, सुचेंद्रा पांडेय, पूनम ठाकुर, मीनू टुडू, ऐल्बुना मुर्मू, सुभाष भंडारी, रोहन भंडारी और नीरज झा सहित कई अधिवक्ता मौजूद रहे। अधिवक्ता लिपिक श्रवण गुप्ता, श्रीचरण कुनाई, विश्वनाथ मंडल, ओयनल मरांडी, परवेज आलम, मोतीउर रहमान और सुभाष पंडित सहित दर्जनों लोगों ने प्रशिक्षण में भाग लिया।






