Search

November 29, 2026 9:30 pm

मोबाइल में एक क्लिक और बैंक खाता हो सकता है खाली, व्हाट्सऐप बना साइबर ठगों का सबसे बड़ा हथियार

नौकरी, लॉटरी और केवाईसी अपडेट के नाम पर बिछाया जा रहा ठगी का जाल; एसडीपीओ विजय कुमार ने लोगों को किया सतर्क

महेशपुर/पाकुड़। आपके हाथ में मौजूद मोबाइल ही आपकी सबसे बड़ी परेशानी बन सकता है। एक अनजान लिंक पर क्लिक या ओटीपी साझा करने की छोटी-सी गलती बैंक खाते को खाली कर सकती है। साइबर अपराधियों ने अब व्हाट्सऐप, फेसबुक और सोशल मीडिया को ठगी का नया हथियार बना लिया है। इसे लेकर महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार ने लोगों को सतर्क करते हुए साइबर ठगी के नए तरीकों से आगाह किया है। एसडीपीओ ने बताया कि ठग कभी नौकरी का लालच देते हैं, तो कभी लॉटरी जीतने, केवाईसी अपडेट कराने या परिचित बनकर पैसों की मांग करने का संदेश भेजते हैं। लोग बिना जांच-पड़ताल किए इन पर भरोसा कर लेते हैं और अपनी मेहनत की कमाई गंवा बैठते हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बैंक कभी भी फोन पर ओटीपी, एटीएम पिन या सीवीवी नंबर नहीं मांगता। बैंक अधिकारी, पुलिस या कस्टमर केयर बनकर ऐसी जानकारी मांगने वाला व्यक्ति ठग हो सकता है।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और न ही किसी के साथ बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी, ओटीपी या आधार विवरण साझा करें। सोशल मीडिया पर निजी जानकारियां साझा करने से भी बचें। एसडीपीओ ने बताया कि एसपी के नेतृत्व में जिलेभर में साइबर अपराध के प्रति जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में वे सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार लोगों को ठगी के नए तरीकों की जानकारी दे रहे हैं, ताकि लोग समय रहते सतर्क हो सकें। उन्होंने कहा कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें और नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!