बथानपहाड़ी से गड़ाटोला तक सड़क बदहाल, कीचड़ और फिसलन के कारण बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित; ग्रामीणों ने पक्की सड़क निर्माण की उठाई मांग।
पाकुड़िया: विकास के दावों के बीच पाकुड़िया प्रखंड की महुलपहाड़ी पंचायत के बथानपहाड़ी चट्टान टोला से प्राथमिक विद्यालय बथानपहाड़ी होते हुए गड़ाटोला तक जाने वाली सड़क ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गई है। सड़क की हालत इतनी जर्जर है कि कई हिस्सों में सड़क का नामोनिशान तक नहीं बचा है। कहीं पक्की सड़क बनी ही नहीं है, तो कहीं बनी सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। गर्मी में किसी तरह ग्रामीण पैदल और दोपहिया वाहनों से आवागमन कर लेते हैं, लेकिन बरसात में यह रास्ता कीचड़ और फिसलन से भर जाता है। कई जगह आवागमन तक ठप हो जाता है। सबसे चिंताजनक स्थिति तब होती है, जब किसी ग्रामीण की तबीयत बिगड़ती है या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ती है। ग्रामीणों के अनुसार, बरसात में एंबुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाती। ऐसे में गर्भवती महिलाओं और बीमार लोगों को खाट पर लादकर मुख्य सड़क तक पहुंचाना पड़ता है। इसके बाद किसी वाहन से अस्पताल ले जाने की व्यवस्था की जाती है।
सड़क की बदहाली का असर बच्चों की पढ़ाई पर भी पड़ रहा है। कीचड़ और फिसलन के कारण बरसात में बच्चे स्कूल जाने से कतराते हैं, जिससे विद्यालय में उनकी उपस्थिति प्रभावित होती है। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से इस समस्या से जूझने के बावजूद अब तक सड़क का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। उन्होंने संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधियों से सड़क का जल्द पक्कीकरण कराने की मांग की है। सवाल यह है कि आखिर कब तक इस गांव के लोगों को सड़क के अभाव में इलाज, शिक्षा और आवागमन जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष करना पड़ेगा?







