राजकुमार भगत
पाकुड़। जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह- उपायुक्त मृत्युंजय कुमार बरणवाल ने बुधवार को फोटोयुक्त मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2024 के तहत हो रहे कार्यों की समीक्षा की।
उपायुक्त ने घर-घर सत्यापन का कार्य, बीएलओ रजिस्टर, करेक्शन स्लिप एवं डेथ केस, पुअर इमेज, ब्लैक एंड व्हाइट फोटो, रजिस्टर के माध्यम से मतदाताओं की विवरणी एवं शुद्धिकरण की समीक्षा की। उन्होंने सभी ईआरओ, एईआरओ को तीन दिनों के अंदर सभी कार्यों को शत प्रतिशत को पूरा करने का निर्देश दिया। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने कहा कि जिले के वैसे सभी मतदाता जिनकी मृत्यु हो चुकी है तथा स्थायी रूप से अन्यत्र चले गए हैं का सत्यापन करते हुए उनका नाम मतदाता सूची से हटाया जाए। कहा कि ब्लैक एंड व्हाइट फ़ोटो को मतदाता पहचान पत्र से बदलने का कार्य प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाय। साथ ही साथ कहा कि सभी योग्य मतदाता जिनकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, उनका नाम मतदाता सूची में निश्चित रूप से दर्ज करायें। बैठक के दौरान अपर समाहर्ता मंजू रानी स्वांसी, अनुमंडल पदाधिकारी हरिवंश पंडित, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी एवं सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी समेत अन्य उपस्थित थे।






