Search

October 26, 2026 10:28 pm

जय श्रीकृष्णा की बोल पर विदेशी श्रद्धालुओं संग निकली भव्य नगर परिक्रमा

दक्षिण अफ्रीका, यूक्रेन, केन्या और रूस से पहुंचे कृष्ण भक्तों का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत

हिरणपुर (पाकुड़)। शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर सोमवार को हिरणपुर की सड़कों पर कृष्ण भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। सुंदरपुर स्थित प्रसिद्ध लक्ष्मी मंदिर से निकली भव्य कृष्ण भक्ति नगर परिक्रमा में देशी श्रद्धालुओं के साथ विदेशी कृष्ण भक्तों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। दक्षिण अफ्रीका, यूक्रेन, केन्या के नैरोबी और रूस से पहुंचे कृष्ण भक्तों की मौजूदगी इस धार्मिक आयोजन का विशेष आकर्षण रही। भगवान श्रीकृष्ण के भजन-कीर्तन, हरे कृष्ण महामंत्र व जयकारों से पूरा हिरणपुर क्षेत्र भक्तिमय हो उठा। नगर परिक्रमा के दौरान जगह-जगह श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया गया।नगर परिक्रमा सुंदरपुर से प्रारंभ होकर हिरणपुर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए रविंद्र चौक पहुंची। यहां स्थानीय लोगों ने कृष्ण भक्तों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए उनके बीच लड्डू व पेयजल का वितरण किया। इसके बाद नगर परिक्रमा सुभाष चौक पहुंची, जहां बजरंगबली ट्रस्ट के कार्यकर्ताओं ने श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान कृष्ण भक्तों के बीच फल व पेयजल का भी वितरण किया गया। स्थानीय लोगों ने विदेशी श्रद्धालुओं का स्वागत कर भारतीय संस्कृति व अतिथि सत्कार की अनूठी मिसाल पेश की।नगर परिक्रमा के दौरान विदेशी कृष्ण भक्तों का उत्साह देखते ही बन रहा था। पारंपरिक वेशभूषा में सजे विदेशी श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण के भक्ति गीतों व संकीर्तन की धुन पर झूमते नजर आए। उनके साथ स्थानीय महिला, पुरुष व बच्चे भी भक्ति के रंग में रंगे दिखाई दिए। हरे कृष्ण के जयघोष से पूरा वातावरण गुंजायमान रहा। विदेशी श्रद्धालुओं की कृष्ण भक्ति व नृत्य को देखने के लिए नगर के विभिन्न चौक-चौराहों पर लोगों की भीड़ जुटी रही। इस दौरान देशी व विदेशी श्रद्धालुओं के बीच भक्ति, प्रेम के साथ साथ आध्यात्मिक एकता का अनूठा संगम देखने को मिला।सुभाष चौक से नगर परिक्रमा कृष्ण मंदिर होते हुए पुनः सुंदरपुर स्थित लक्ष्मी मंदिर प्रांगण पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों पर जमकर नृत्य किया। विदेशी कृष्ण भक्तों ने भी संकीर्तन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया व अपनी भक्ति भावना से उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मंदिर परिसर में देर तक भजन-कीर्तन व हरे कृष्ण महामंत्र की गूंज सुनाई देती रही। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण की आराधना कर सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।इस संबंध में समिति के अध्यक्ष दिगम्बर साहा ने बताया कि शरद पूर्णिमा के अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। नगर परिक्रमा के बाद मंदिर प्रांगण में महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। वहीं संध्या में भव्य महाआरती व दीपदान का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

IMG 20261026 WA0015
IMG 20261026 WA0018 1

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!