पूर्व मंत्री ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल, बोले—मताधिकार की रक्षा के लिए रामलीला मैदान में जुटें लोग।
पाकुड़। ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ के नारे के साथ झारखंड के पूर्व मंत्री आलमगीर आलम ने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और मताधिकार की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। सोमवार को पाकुड़ में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित आंदोलन में अधिकाधिक लोगों से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जनता के वोट की गरिमा बनाए रखना जरूरी है। पाकुड़ जिला कांग्रेस कार्यालय में जिला अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार की अध्यक्षता में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान को लेकर बैठक हुई। इसमें एआईसीसी ऑब्जर्वर एवं मध्य प्रदेश के मुरैना से विधायक दिनेश गुर्जर भी मौजूद रहे। बैठक के बाद दोनों नेताओं ने मीडिया से बातचीत की और दिल्ली में होने वाले आंदोलन की तैयारियों पर चर्चा की।आलमगीर आलम ने आरोप लगाया कि चुनाव में वोटों की कथित गड़बड़ी को लेकर की गई शिकायतों पर चुनाव आयोग की ओर से पर्याप्त कार्रवाई नहीं होती है। उन्होंने निष्पक्ष चुनाव कराने और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता का फैसला सर्वोपरि है और चुनाव प्रक्रिया पर लोगों का भरोसा कायम रहना चाहिए।
अपनी बात रखना संविधान प्रदत्त अधिकार।
पूर्व मंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना, धरना-प्रदर्शन करना और विरोध जताना नागरिकों का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि इन अधिकारों को सीमित करने के प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से 1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले आंदोलन में शामिल होकर मताधिकार की सुरक्षा की मांग बुलंद करने की अपील की। पाकुड़ और साहिबगंज में चल रही मैपिंग प्रक्रिया के संदर्भ में बांग्लादेशी बताए जाने के मुद्दे पर भी आलमगीर आलम ने अपनी बात रखी। उन्होंने ऐसे आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि यहां के लोग भारतीय हैं और उन्हें अपने देश से उतना ही प्रेम है जितना किसी अन्य नागरिक को। बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीकुमार सरकार, जिला मीडिया प्रभारी प्यारुल इस्लाम, प्रखंड अध्यक्ष मंशारुल हक, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, मुख्तार हुसैन, जिला अल्पसंख्यक अध्यक्ष शाहिन परवेज, महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष सहनाज बेगम सहित अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने पाकुड़ से दिल्ली आंदोलन में व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया।







