Search

November 6, 2026 3:21 am

पंचायत भवन निर्माण में गड़बड़ी का आरोप, गिट्टी की जगह पत्थर का डस्ट डालकर कराई जा रही ढलाई

मुखिया ने ठेकेदार पर लगाए आरोप, डीसी से की जांच और कार्रवाई की मांग; रोकने के निर्देश के बावजूद निर्माण कार्य जारी रहने का दावा।

पाकुड़ प्रखंड के रहसपुर पंचायत में पंचायत भवन निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं। निर्माण कार्य में निर्धारित सामग्री के स्थान पर पत्थर का डस्ट इस्तेमाल करने, कम मात्रा में सीमेंट और गिट्टी देकर ढलाई कराने तथा प्राक्कलन की अनदेखी करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर पंचायत की मुखिया गीता कुमारी माल ने उपायुक्त को लिखित शिकायत सौंपकर निर्माण कार्य की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मुखिया के अनुसार, ग्रामीणों ने पंचायत भवन निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की शिकायत की थी। सूचना मिलने पर वह स्वयं निर्माण स्थल पर पहुंचीं और ढलाई की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने आरोप लगाया कि ढलाई में गिट्टी की जगह स्टोन डस्ट का इस्तेमाल किया जा रहा था। निर्माण की गुणवत्ता पर संदेह होने के बाद उन्होंने ढलाई वाले हिस्से को तोड़कर भी देखा। इसके बाद संबंधित जेई को तस्वीरें व्हाट्सएप के माध्यम से भेजीं। मुखिया का आरोप है कि जेई ने ठेकेदार से बात करने की बात कही। जब उन्होंने ठेकेदार से इस संबंध में सवाल किया तो ठेकेदार ने कथित तौर पर जवाब दिया कि बालू महंगी पड़ती है, इसलिए डस्ट मिलाकर काम कराया जा रहा है। इससे खर्च में बचत होगी। मुखिया ने इस तरीके से निर्माण कराने पर आपत्ति जताते हुए काम बंद करने को कहा, लेकिन उनके मुताबिक इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रखा गया। उपायुक्त को दिए गए आवेदन में मुखिया ने ढलाई के अलावा निर्माण की बुनियादी गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि भवन की नींव के लिए निर्धारित तरीके से खुदाई किए बिना ही मिट्टी के ऊपर दीवार खड़ी कर दी गई है। बीम की ढलाई में भी निर्धारित मात्रा से कम गिट्टी और सीमेंट का इस्तेमाल किया गया है। साथ ही निर्माण कार्य में प्राक्कलन के अनुरूप सामग्री का उपयोग नहीं किया जा रहा है। मुखिया ने जिला प्रशासन से पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराने, इस्तेमाल की गई निर्माण सामग्री और ढलाई की गुणवत्ता की जांच करने तथा अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित ठेकेदार एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इस मामले पर जूनियर इंजीनियर से बात करने पर उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं है कार्य के सारे मापदंड अपनी जगह सही है एवं सारे आरोप बेबुनियाद हैं।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!