Search

October 23, 2026 8:55 pm

राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार की दौड़ में बाबूदाहा, केंद्रीय टीम करेगी स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था का आकलन

डीडीसी अरविंद लाल ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए निर्देश, पेयजल से लेकर पोषण सेवाओं तक की होगी जांच

महेशपुर/पाकुड़। राष्ट्रीय पंचायत पुरस्कार के तहत स्वस्थ पंचायत श्रेणी में चयनित बाबूदाहा पंचायत में अब केंद्रीय मूल्यांकन दल के प्रस्तावित दौरे की तैयारी तेज हो गई है। पंचायत में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का आकलन करने के लिए उप विकास आयुक्त अरविंद लाल ने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मूल्यांकन से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त की जाएं और कमियों को समय सीमा के भीतर दूर किया जाए। बैठक में पंचायत सचिवालय, स्वास्थ्य संस्थानों, आंगनबाड़ी केंद्रों और विद्यालयों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा पर जोर दिया गया। साथ ही पेयजल की गुणवत्ता, साफ-सफाई, कचरा प्रबंधन तथा स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं की स्थिति से जुड़े अभिलेखों का सत्यापन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। डीडीसी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें और पंचायत में संचालित योजनाओं की उपलब्धियों से संबंधित दस्तावेज व्यवस्थित रखें। मूल्यांकन के दौरान पंचायत में उपलब्ध सुविधाओं और योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति का समुचित आकलन हो सके, इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियों की नियमित समीक्षा करने को भी कहा गया।

इन बिंदुओं पर रहेगा जोर

स्वस्थ पंचायत के निर्धारित मानकों के अनुरूप स्वास्थ्य एवं पोषण सेवाओं, स्वच्छता, सुरक्षित पेयजल, कचरा प्रबंधन और मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि केवल अभिलेख तैयार करने तक सीमित न रहें, बल्कि चिन्हित कमियों का भी समय पर निराकरण सुनिश्चित करें। बैठक में जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी बसंती ग्लाडिस बाड़ा, प्रखंड विकास पदाधिकारी सिद्धार्थ शंकर यादव, जिला परियोजना प्रबंधक आनंद प्रकाश, डीपीएम दीपक कुमार सहित संबंधित प्रखंड एवं पंचायत स्तरीय कर्मी मौजूद थे।

IMG 20261023 WA0007

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!