कदाचार रोकने के लिए परीक्षा केंद्रों पर सघन जांच, उड़नदस्ता और साइबर सेल की रहेगी पैनी नजर; अफवाह फैलाने वालों पर होगी त्वरित कार्रवाई।
पाकुड़। झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 को शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस ने सुरक्षा की पुख्ता तैयारी की है। एक नवंबर को होने वाली परीक्षा को लेकर शनिवार को पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने पुलिस केंद्र स्थित शहीद अमरजीत बलिहार स्टेडियम में प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को ब्रीफिंग कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने स्पष्ट निर्देश दिया कि परीक्षा ड्यूटी में तैनात सभी पुलिस पदाधिकारी, जवान, चौकीदार और गृह रक्षक बल एक नवंबर को सुबह छह बजे तक अपने-अपने निर्धारित ड्यूटी स्थल पर पहुंचना सुनिश्चित करेंगे। परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों की सघन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जाएगा। सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परीक्षा के दौरान केवल केंद्रों के भीतर ही नहीं, बल्कि आसपास के इलाकों में भी पुलिस की लगातार निगरानी रहेगी। थाना और ओपी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्र के परीक्षा केंद्रों में भ्रमणशील रहकर विधि-व्यवस्था बनाए रखने का निर्देश दिया गया है। वहीं, उड़नदस्ता दल परीक्षा से एक दिन पहले सभी केंद्रों का भौतिक सत्यापन कर आवश्यक कमियों को दूर कराएगा और परीक्षा के दिन भी लगातार गश्त करेगा।
एसपी ने निर्देश दिया कि परीक्षा समाप्त होने के बाद भी सुरक्षा बल केंद्र नहीं छोड़ेंगे। परीक्षा सामग्री कोषागार अथवा बज्रगृह के लिए रवाना होने तक जवानों की तैनाती बनी रहेगी। जिला नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहेगा और प्रत्येक घंटे सभी परीक्षा केंद्रों से स्थिति की रिपोर्ट प्राप्त करेगा।
सोशल मीडिया पर भी रहेगी पुलिस की नजर।
परीक्षा के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक सूचनाएं फैलाने वालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। इसके लिए गठित साइबर सेल को सोशल मीडिया की गतिविधियों पर सख्त निगरानी रखने और किसी भी संदिग्ध पोस्ट पर वरीय अधिकारियों को सूचना देकर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। यातायात व्यवस्था सुचारू रखने के लिए यातायात प्रभारी को भी आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए क्यूआरटी को सुरक्षा उपकरणों के साथ तैयार रहने को कहा गया है।
एसपी ने पुलिसकर्मियों को यह भी हिदायत दी कि जांच के दौरान अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों के साथ शालीनता से पेश आएं। सुरक्षा के नाम पर किसी के साथ दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए। ब्रीफिंग में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, परिचारी प्रवर सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।








