राष्ट्रीय एकता दिवस पर अधिकारियों और कर्मियों ने लिया देश की एकता, अखंडता व सुरक्षा का संकल्प
इकबाल हुसैन
महेशपुर/पाकुड़। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती पर शनिवार को महेशपुर प्रखंड मुख्यालय में राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम में प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव और अंचल अधिकारी संजय सिन्हा ने संयुक्त रूप से सरदार पटेल के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों और कर्मियों ने दो मिनट का मौन रखकर राष्ट्र निर्माण में सरदार पटेल के योगदान को याद किया। इस दौरान बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल ने देश की 562 रियासतों का एकीकरण कर अखंड भारत की नींव मजबूत की थी। उनके अदम्य साहस, दृढ़ इच्छाशक्ति और राष्ट्र के प्रति समर्पण के कारण ही उन्हें लौह पुरुष के नाम से जाना जाता है। उनके बताए आदर्शों पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। वहीं, अंचल अधिकारी संजय सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रीय एकता और अखंडता ही देश की सबसे बड़ी ताकत है। इसकी रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से आपसी सद्भाव और एकजुटता बनाए रखने की अपील की। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा बनाए रखने की शपथ ली। मौके पर बीपीओ रिजवान फारूकी, नीरज कुमार, देवासीसी दास, खोकन दास सहित प्रखंड के विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद थे।






