झोले से मिले आधार कार्ड और बैंक पासबुक से हुई पहचान, मौत की वजह तलाश रही पुलिस
अमर भगत |
अमड़ापाड़ा/पाकुड़। अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र में सोमवार को पाडेरकोला-जामकनाली सड़क के समीप झाड़ीनुमा जंगल में पेड़ से लटका महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल पर शव के पास मिले झोले से आधार कार्ड और बैंक पासबुक बरामद हुई, जिसके आधार पर महिला की पहचान बोहड़ा गांव निवासी होपनी टुडू (40) के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार, मृतका के पति झारखंड पुलिस में कार्यरत हैं और वर्तमान में दुमका में पदस्थापित हैं। घटना की सूचना उन्हें दे दी गई है। एसआई जगनारायण शर्मा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। बाद में मृतका के परिजन भी मौके पर पहुंच गए।
मौत की वजह अब भी स्पष्ट नहीं
महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस आत्महत्या समेत मौत से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही थी। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।






