Search

October 26, 2026 11:48 pm

सड़क सुरक्षा पर सख्ती, बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले चालकों पर कार्रवाई।

डीटीओ के नेतृत्व में सिद्धू-कान्हू मोड़ पर चला जांच अभियान, नियमों के पालन की दी गई हिदायत।

पाकुड़िया। सड़क सुरक्षा के नियमों की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। सोमवार को पाकुड़िया प्रखंड के सिद्धू-कान्हू मोड़ पर जिला परिवहन पदाधिकारी मो. मोजाहिद अंसारी के नेतृत्व में दोपहिया वाहनों की जांच की गई। इस दौरान बिना हेलमेट बाइक चलाने वाले करीब 50 चालकों से जुर्माना वसूला गया। समाचार लिखे जाने तक जांच अभियान जारी था।
अभियान के दौरान वाहन चालकों के हेलमेट, ड्राइविंग लाइसेंस और जरूरी कागजात की जांच की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई। विभाग का जोर केवल जुर्माना वसूलने पर ही नहीं, बल्कि वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार बनाने पर भी रहा। डीटीओ मो. मोजाहिद अंसारी ने वाहन चालकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट जरूर पहनें, वैध ड्राइविंग लाइसेंस और आवश्यक दस्तावेज साथ रखें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन दुर्घटनाओं में जान गंवाने और गंभीर रूप से घायल होने के जोखिम को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ आगे भी जांच और कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान में डीआरएसएम रितेश कुमार सिंह, अजहद अंसारी, एसआई राजेश कुमार यादव, एएसआई सुरेश गोप, सलवाहन भगत सहित पुलिस के जवान और परिवहन विभाग के कर्मी मौजूद थे।

IMG 20261026 WA0041

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!