Search

May 15, 2026 8:08 pm

अमेजन-फ्लिपकार्ट के खिलाफ केमिस्टों का विरोध, काला बिल्ला बांधकर जताया आक्रोश।

पाकुड़: ऑनलाइन दवा बिक्री और क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स के खिलाफ दवा विक्रेताओं का विरोध तेज हो गया है। ऑल इंडिया ऑर्गनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर पाकुड़ जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन से जुड़े व्यवसायियों ने शुक्रवार से चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया। पहले दिन जिले भर के दवा दुकानदारों ने बांह पर काला बिल्ला बांधकर काम किया और मूक विरोध दर्ज कराया। एसोसिएशन के सचिव अरविंद कुमार ने बताया कि मरीजों की सुविधा को देखते हुए 19 मई तक सभी दवा दुकानें खुली रहेंगी और इसी तरह काला बिल्ला बांधकर विरोध जारी रहेगा। यदि सरकार ने मांगों पर ध्यान नहीं दिया, तो 20 मई को देशव्यापी बंद के तहत जिले की सभी निजी दवा दुकानें बंद रखी जाएंगी। हालांकि अस्पतालों में संचालित प्राइवेट दवा काउंटर और आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। दवा विक्रेताओं की प्रमुख मांगों में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म्स पर दवाओं की बिक्री पर रोक, अमेजन, फ्लिपकार्ट और क्विक कॉमर्स कंपनियों द्वारा दी जा रही छूट पर नियंत्रण, ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट में व्यावहारिक संशोधन, तथा मेडिकल स्टोर्स पर फार्मासिस्ट की अनिवार्यता के नियम को जमीन पर लागू करना शामिल है। इसके साथ ही केमिस्टों ने 24 घंटे जनसेवा में जुटे रहने वाले दवा व्यवसायियों को उचित सम्मान और सुरक्षा देने की भी मांग उठाई है।एसोसिएशन ने जिले के सभी छोटे-बड़े दवा विक्रेताओं से आंदोलन को सफल बनाने के लिए एकजुट होने की अपील की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!