अमर भगत
अमड़ापाड़ा/पाकुड़ । विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर डीबीएल-पीएसपीसीएल कोयला कंपनी ने पर्यावरण संरक्षण और हरित विकास को बढ़ावा देने का संकल्प लेते हुए अगले तीन महीनों में 25 हजार से अधिक पौधे लगाने की घोषणा की। आलूबेड़ा स्थित कंपनी के कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पौधरोपण के साथ लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीबीएल के स्थानीय परियोजना प्रमुख बृजेश कुमार, वरीय महाप्रबंधक मनोज कुमार सिन्हा, वरीय मुख्य समन्वयक संजीव कुमार सिंह और कथालडीह के वरिष्ठ नागरिक सोनाराम सोरेन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद अतिथियों ने कार्यालय परिसर में पौधरोपण कर हरित वातावरण बनाने का संदेश दिया। इस अवसर पर कथालडीह गांव के स्कूली बच्चों के बीच पेंटिंग, वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। छोटे बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर कार्यक्रम में आकर्षण बढ़ाया। प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले बच्चों को कंपनी की ओर से मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कंपनी अधिकारियों ने कर्मचारियों और ग्रामीणों से हर वर्ष कम से कम 10 पौधे लगाने की अपील की। प्रोजेक्ट हेड बृजेश कुमार ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण को लेकर कंपनी लगातार काम कर रही है और इसके तहत अगले तीन महीनों में 25 हजार से अधिक पौधे लगाए जाएंगे। इसके लिए स्थानों का चयन भी कर लिया गया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य समन्वयक संजीव कुमार सिंह ने की, जबकि संचालन सीएसआर मैनेजर उमेश कुमार ने किया। मौके पर कंपनी के विभिन्न विभागों के अधिकारी, पीएसपीसीएल के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।








