पाकुड़। जिला स्तरीय स्टेडियम में मंगलवार को ‘खेलो झारखंड 2026-27’ की जिला स्तरीय प्रतियोगिता का शुभारंभ उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने किया। खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्होंने उनका उत्साह बढ़ाया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। डीसी ने कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का बेहतर मंच देता है। खिलाड़ी अनुशासन, लगन और खेल भावना के साथ लगातार अभ्यास करें और अधिक से अधिक पदक जीतकर पाकुड़ का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले खिलाड़ी व टीमें रांची में होने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में अंडर-17 वर्ग के खिलाड़ियों ने 100 मीटर दौड़, खो-खो, लॉन्ग जंप, हाई जंप और फुटबॉल समेत विभिन्न स्पर्धाओं में दमखम दिखाया।







