Search

May 12, 2026 8:01 pm

उपायुक्त का औचक निरीक्षण, किताझोर आवासीय विद्यालय में व्यवस्था सुधार को लेकर सख्त निर्देश।

इनवर्टर तत्काल लगाने, भोजन व सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने मंगलवार को कल्याण विभाग अंतर्गत एनजीओ बटेश्वर सेवा संस्थान द्वारा संचालित अनुसूचित जाति आवासीय विद्यालय, किताझोर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, छात्रावास, कक्षाओं और मूलभूत सुविधाओं का विस्तार से जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में वैकल्पिक व्यवस्था की जानकारी ली, जिस पर इनवर्टर उपलब्ध नहीं होने की बात सामने आई। इसे गंभीरता से लेते हुए उन्होंने संबंधित प्रबंधन को हर हाल में अगले दिन तक इनवर्टर स्थापित करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी प्रकार का व्यवधान स्वीकार्य नहीं होगा। उपायुक्त ने कक्षाओं में शिक्षण व्यवस्था, शिक्षकों की उपस्थिति और शैक्षणिक गतिविधियों की भी समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, भोजन और दैनिक दिनचर्या की जानकारी ली। बच्चों द्वारा भोजन और पठन-पाठन से जुड़ी जानकारी दिए जाने पर उन्होंने संतोषजनक व्यवस्था बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को निर्देशित किया कि भोजन मेन्यू के अनुसार समय पर और गुणवत्तापूर्ण पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। साथ ही उन्होंने भवन, कक्षाओं, बाउंड्री वॉल और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए विद्यार्थियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कहा कि आवासीय विद्यालयों का उद्देश्य बच्चों को सुरक्षित, अनुशासित और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण देना है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं। मौके पर परियोजना निदेशक आईटीडीए सह जिला कल्याण पदाधिकारी एवं जिला शिक्षा अधीक्षक भी उपस्थित थे।

img 20260512 wa00218898525430794343356
img 20260512 wa00186395155466583630258

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!