“बेटी बचाओ” अभियान को कॉलेजों तक ले जाने का निर्देश, नियम तोड़ने वालों पर होगी कड़ी कार्रवाई
पाकुड़ में PCPNDT Act के कड़ाई से पालन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। गुरुवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में हुई बैठक में साफ संदेश दिया गया कि किसी भी हाल में कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। बैठक में अल्ट्रासाउंड क्लिनिकों के पंजीकरण, नवीनीकरण और लंबित मामलों की समीक्षा की गई। एक मामले में नवीनीकरण को मंजूरी भी दी गई, जबकि अन्य मामलों पर विस्तार से चर्चा हुई। उपायुक्त ने निर्देश दिया कि अनुमंडल पदाधिकारी के नेतृत्व में टीम बनाकर सभी अल्ट्रासाउंड सेंटरों का समय-समय पर औचक निरीक्षण किया जाए। किसी भी तरह की गड़बड़ी मिलने पर तुरंत सख्त कार्रवाई करने को कहा गया। उन्होंने “बेटी बचाओ” अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए कॉलेजों और शैक्षणिक संस्थानों में बड़े स्तर पर जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया, ताकि कन्या भ्रूण हत्या के खिलाफ समाज में सकारात्मक माहौल बनाया जा सके। बैठक में अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में नियमित निरीक्षण, अभिलेखों को अपडेट रखने और आम लोगों के बीच कानून की जानकारी बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में जिला के वरीय अधिकारी, प्रशासनिक पदाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी मौजूद रहे।






