पाकुड़। जिले में चल रही आवास योजनाओं की प्रगति को लेकर उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया ने गुरुवार को वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों, प्रखंड समन्वयकों, पंचायत सचिवों एवं रोजगार सेवकों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने पीएम जनमन आवास योजना के लाभुकों को द्वितीय और तृतीय किस्त का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करते हुए सितंबर 2025 तक सभी आवासों को पूर्ण कराने का स्पष्ट निर्देश दिया। साथ ही पीएम आवास ग्रामीण योजना में स्वीकृति प्राप्त लाभुकों को पहली किस्त का भुगतान शीघ्र करने का निर्देश भी दिया गया। अबुआ आवास योजना के अंतर्गत लाभुकों का डेटा एंट्री (अभिसरण प्रविष्टि) समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया गया। डीडीसी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि हर पात्र परिवार को समय पर पक्का आवास मिले, जिससे उनकी जीवन गुणवत्ता में सुधार हो। यह पहल गरीब और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में एक ठोस कदम है। सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन हेतु कड़े निर्देश दिए गए हैं।






