पाकुड़िया (पाकुड़) । जिला पंचायती राज पदाधिकारी (डीपीआरओ) प्रीति लता मुर्मू ने बुधवार को पाकुड़िया प्रखंड का दौरा कर विभिन्न योजनाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने पाकुड़िया एवं लागडुम पंचायत भवन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के क्रम में डीपीआरओ ने पंचायत भवन में निर्मित सेग्रीगेशन बिन, भस्मक आदि का अवलोकन करते हुए इनके नियमित उपयोग का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत सचिव को आदेश दिया कि परिसर में उगी अवांछित झाड़ियों को तत्काल साफ कर भवन को हमेशा स्वच्छ और व्यवस्थित रखा जाए। डीपीआरओ ने पंचायत भवन में बने स्वास्थ्य कक्ष, ऊर्जा कक्ष और मैया कक्ष का भी निरीक्षण किया। साथ ही पंचायत की रोकड़ बही की जांच करते हुए उसे अपडेटेड रखने का निर्देश सचिव को दिया। उन्होंने पंचायत क्षेत्र में स्वच्छता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया। निरीक्षण के दौरान संबंधित पंचायतों के सचिव, मुखिया, रोजगार सेवक सहित अन्य कर्मी उपस्थित थे।






