Search

July 5, 2026 7:57 pm

सात दिन में सलाखों के पीछे पहुंचे शातिर चोर, दो बड़ी चोरियों का पर्दाफाश; सोना-चांदी, लैपटॉप समेत लाखों का सामान बरामद

पाकुड़: नगर थाना क्षेत्र के सिंधीपाड़ा में बंद पड़े दो घरों में हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात का पाकुड़ पुलिस ने महज सात दिनों में खुलासा कर दिया। विशेष जांच दल (एसआईटी) ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले से चार शातिर चोरों को गिरफ्तार कर चोरी का बड़ा हिस्सा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने नगर थाना क्षेत्र में पहले हुई चोरी की अन्य घटनाओं में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी कर गिरोह तक पहुंच बनाई। कार्रवाई के दौरान 7.06 ग्राम सोना, 97.620 ग्राम चांदी, डेल कंपनी का लैपटॉप, यामाहा आर-15 मोटरसाइकिल, कांसे के बर्तन, पुराने नोट व सिक्के, चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार, गमछा और बेडशीट बरामद किए गए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जायदुल शेख उर्फ लठ्ठो शेख, शरीफ शेख उर्फ मिठु शेख, इशा शेख उर्फ मोहम्मद इशा शेख और रोयस मिर्जा के रूप में हुई है। सभी आरोपी मालदा जिले के कालियाचक थाना क्षेत्र के निवासी हैं। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों का आपराधिक इतिहास लंबा है। इनके खिलाफ झारखंड और पश्चिम बंगाल के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और गिरोह से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।

img 20260703 wa00193103767012153192241
img 20260703 wa00433065895072517699153

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!