थानों में रिकॉर्ड से लेकर सड़कों पर गश्त तक कसावट के निर्देश, हर कॉल पर त्वरित कार्रवाई और हर वाहन की सख्त जांच का फरमान।
पाकुड़। जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने और अवैध खनिज परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने को लेकर मंगलवार को पुलिस अधीक्षक ने अचानक जिला नियंत्रण कक्ष डायल 112, मुफस्सिल थाना, मालपहाड़ी ओपी, चांदपुर तथा पथरघट्टा चेकपोस्ट का निरीक्षण किया। इस दौरान पुलिस महकमे में हलचल तेज रही और अधिकारियों-कर्मियों की कार्यप्रणाली की बारीकी से समीक्षा की गई। निरीक्षण की शुरुआत जिला नियंत्रण कक्ष डायल 112 से हुई, जहां पुलिस अधीक्षक ने आम लोगों से मिलने वाली शिकायतों के निष्पादन की प्रक्रिया को गंभीरता से परखा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि आपात शिकायतों पर प्रतिक्रिया समय कम किया जाए और हर कॉल पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो। एसपी ने कहा कि डायल 112 केवल हेल्पलाइन नहीं, बल्कि आम जनता का भरोसा है और उसकी विश्वसनीयता हर हाल में कायम रहनी चाहिए। इसके बाद पुलिस अधीक्षक मुफस्सिल थाना और मालपहाड़ी ओपी पहुंचे। यहां थाना परिसर की मूलभूत सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, रिकॉर्ड संधारण और सिरिस्ता अभिलेखों की स्थिति की समीक्षा की गई। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए क्षेत्र में लगातार गश्ती अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया। निरीक्षण का सबसे अहम हिस्सा चांदपुर और पथरघट्टा चेकपोस्ट की जांच रही, जहां अवैध खनिज परिवहन को लेकर पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाया। चेकपोस्ट पर मौजूद दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि हर मालवाहक वाहन के माइनिंग चालान और अन्य कागजातों की गहन जांच की जाए। उन्होंने दो टूक कहा कि किसी भी कीमत पर अवैध खनिज लदे वाहनों को चेकपोस्ट पार नहीं करने दिया जाएगा। सूत्रों की मानें तो हाल के दिनों में अवैध खनिज परिवहन को लेकर मिल रही शिकायतों के बाद यह निरीक्षण काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के इस औचक दौरे को प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।








