Search

April 26, 2026 3:05 pm

महंगाई पर आस्था भारी, महापर्व छठ की खरीदारी को लेकर लोगों की उमड़ी भीड़

गोड्डा : लोक आस्था के महापर्व छठ पर्व को लेकर जिला मुख्यालय से लेकर प्रखंड मुख्यालय के विभिन्न हाट बाजारों में महंगाई पर आस्था की भारी भीड़ देखी गई। जिला मुख्यालय में पूजा के सामानों की खरीदारी को लेकर जहां घंटों सड़क जाम की स्थिति बनी रही वहीं प्रखंड मुख्यालय के बाजारों में भी गहमा गहमी का माहौल देखा गया। इस वर्ष भी दूसरे राज्यों से यहां तक पहुंचने वाले अन्नानास, सेब, संतरा, केला, अंगुर, नारियल आदि से अर्घ्य के लिए सूप सजने वाले हैं। बाहर के राज्यों से सभी प्रकार के फल इत्यादि सामान यहां तक पहुंचने के कारण ही लोगों को महंगाई की मार झेलनी पड़ती है। इस बार भी छठ को लेकर शहर में फलों की आयात काफी बढ़ गई है। फल कारोबारी ने बताया की पिछले साल की तुलना में अधिकांश फलों के कीमतों में वृद्धि हुई है हालांकि पिछले साल की अपेक्षा अनानास अभी सामान्य दाम पर बिक रही हैं। वहीं दूसरी तरफ छठ पूजा को लेकर सड़कों और बाजारों की रौनक बढ़ गयी है। व्रती बाजारों में फलों एवं छठ पर्व में प्रयुक्त होनेवाले सामान की खरीदारी करते दिख रहे हैं। इस व्रत में शुद्धता का विशेष महत्व है। वहीं बाजार में पीतल के बने बर्तन की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ देखी गई। जिला मुख्यालय सहित पथरगामा, महागामा, पोड़ैयाहाट के अलावा बसंतराय प्रखंड में लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर बाजारों में लोगों ने पूजन सामग्री की जमकर खरीदारी की। इस दौरान बाजार से लेकर फुटपाथ पर हर जगह दुकान सजी हुई थी। ग्राहकों की भीड़ बाजार में इतनी थी कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार बाजारों में लाखों का कारोबार हुआ है। भारी संख्या में लोग छठ पूजा के सामान की खरीदारी करते नजर आए। कुल मिलाकर एक तरफ जहां महंगाई है तो वहीं दूसरी तरफ श्रद्धा और आस्था। वहीं लोगों के उमंग को देखकर ऐसा लग रहा है कि इस बार भी महंगाई पर आस्था भारी है, ऐसा ही नजारा बाजारों में देखने को मिला। बाजार में सूप, दउरा, अदरक, मूली, ईख, नारियल, नारंगी, केला एवं अन्य फल सहित पूजा में प्रयोग किए जाने वाले सामान की खूब खरीद-बिक्री हुई। बाजारों में कहीं गन्ना तो कहीं कोसी भरे जाने वाले मिट्टी के पात्र बिक रहे थे तो वहीं दूसरी तरफ नए कपड़े खरीदने के लिए कपड़े दुकानों में लोगों की भारी भीड़ दिखी।

img 20241107 wa00476317041722588152370

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!