Search

July 7, 2026 8:57 pm

6 महीने में ही सवालों के घेरे में गढ़बाड़ी पुल, बारिश में जलजमाव से बढ़ी हादसे की आशंका

इकबाल हुसैन

महेशपुर (पाकुड़): महेशपुर प्रखंड के गढ़बाड़ी पुल से लखीपुर सब्जी मंडी तक जाने वाली करीब आधा किलोमीटर लंबी मुख्य सड़क बारिश शुरू होते ही लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क पर बने गड्ढों, कीचड़ और पुल के ऊपर लगातार हो रहे जलजमाव ने आवागमन को जोखिम भरा बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगभग छह माह पहले तैयार हुआ गढ़बाड़ी पुल अब निर्माण गुणवत्ता और जल निकासी व्यवस्था को लेकर सवालों के घेरे में है।।ग्रामीणों के अनुसार पुल का निर्माण लंबे इंतजार के बाद हुआ था, लेकिन पहली ही बरसात में पुल के ऊपर पानी जमा होने लगा। उनका कहना है कि पुल पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पानी लंबे समय तक ठहरा रहता है, जिससे पुल की मजबूती प्रभावित होने की आशंका है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो पुल समय से पहले क्षतिग्रस्त हो सकता है।
वहीं, पुल से आगे लखीपुर सब्जी मंडी होते हुए दुबराजपुर और लखीपुर बाजूटोला जाने वाली सड़क की स्थिति भी बेहद खराब है। जगह-जगह गड्ढों में पानी भर जाने और कीचड़ फैलने से दोपहिया वाहन चालकों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है। फिसलन के कारण दुर्घटना की आशंका लगातार बनी हुई है।
इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में किसान सब्जियां लेकर मंडी पहुंचते हैं, जबकि स्कूली बच्चों और स्थानीय ग्रामीणों का भी यही मुख्य संपर्क मार्ग है। बारिश के दिनों में उन्हें रोज जोखिम उठाकर आवागमन करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग और जिला प्रशासन से पुल पर स्थायी जल निकासी की व्यवस्था करने तथा क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा होने से इनकार नहीं किया जा सकता।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!