जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सभी समुदाय के लोग हुए शामिल, अमन-चैन और भाईचारे के लिए मांगी दुआ।
एस कुमार
महेशपुर। रमजान के पवित्र महीने के मौके पर महेशपुर में एसडीपीओ विजय कुमार के आवास परिसर में रविवार शाम भव्य इफ्तार पार्टी का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रखंड क्षेत्र से हजारों की संख्या में रोजेदार और स्थानीय लोग पहुंचे। सभी ने एक साथ बैठकर रोजा खोला और आपसी भाईचारे व अमन-चैन के लिए दुआ की। कार्यक्रम में मुख्य रूप से झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम मौजूद रहे। उनके साथ जिला उपाध्यक्ष हाजी समद अली, केंद्रीय समिति सदस्य पिंकु शेख, जिला संगठन सचिव अनारूद्दीन मियां, सांसद प्रतिनिधि कुणाल अल्फ्रेड हेंब्रम, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम, अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, अंचल अधिकारी संजय कुमार सिन्हा और थाना प्रभारी रवि शर्मा सहित कई पदाधिकारी व गणमान्य लोग शामिल हुए। इफ्तार के लिए रोजेदारों के बीच खजूर, फल और कई प्रकार के पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के बीच पूरा माहौल धार्मिक आस्था और सौहार्द से भरा रहा। एसडीपीओ विजय कुमार ने कहा कि रमजान का महीना आपसी प्रेम, भाईचारा और इंसानियत का संदेश देता है। इसी भावना को मजबूत करने के लिए यह आयोजन किया गया है ताकि समाज में सद्भाव और एकता बनी रहे। वहीं झामुमो जिलाध्यक्ष अजीजुल इस्लाम ने कहा कि रमजान हमें सब्र, रहमत और इंसानियत का पैगाम देता है। यह महीना जरूरतमंदों की मदद करने और समाज में आपसी सौहार्द को मजबूत करने की सीख देता है।
कार्यक्रम के दौरान सभी लोगों ने क्षेत्र में शांति, तरक्की और आपसी भाईचारे के लिए दुआ की। इफ्तार में विभिन्न समुदायों के लोगों की मौजूदगी ने सामाजिक एकता का मजबूत संदेश दिया। इस मौके पर प्रखंड उपाध्यक्ष एनामुल हक, मो. असद, पप्पू अंसारी, निरोज मड़ैया, बाबु शेख, शाहलुम शेख, केताबुल शेख, राजेंद्र हांसदा, शिवानी टुडू, सेनेली मुर्मू सहित बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित थे।








