Search

April 11, 2026 4:50 pm

आंधी-बारिश का कहर, खेतों में बिछ गई किसानों की उम्मीदें।

कटाई से पहले गेहूं, सरसों और चना को भारी नुकसान; प्रभावित किसानों ने मांगा सर्वे और मुआवजा।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)प्रखंड क्षेत्र रविवार देर रात आई तेज आंधी और बेमौसम बारिश ने किसानों की महीनों की मेहनत पर पानी फेर दिया। अचानक बदले मौसम ने रबी फसल को भारी नुकसान पहुंचाया है। तेज हवा और बारिश के कारण खेतों में खड़ी गेहूं की फसल पूरी तरह गिर गई, जिससे किसानों के सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई है।किसानों के अनुसार गेहूं की फसल पककर तैयार थी और कुछ ही दिनों में कटाई शुरू होने वाली थी। लेकिन देर रात चली तेज आंधी और मूसलाधार बारिश ने फसल को खेतों में ही धराशायी कर दिया। कई खेतों में गेहूं की बालियां जमीन पर बिछ गई हैं, जिससे उपज पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। इसके अलावा सरसों और चना की फसल को भी इस बेमौसम बारिश से भारी क्षति हुई है। लेटबाड़ी, बलरामपुर के किसान सुषेण मंडल, दीनानाथ मंडल, गणेश मंडल, श्रवण मंडल और मोहन साहा आदि ने कहा कि इस वर्ष अच्छी पैदावार की उम्मीद थी, लेकिन अचानक आई आंधी और बारिश ने उनकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। किसानों ने बताया कि खेतों में गिरी फसल को संभालना अब मुश्किल हो गया है और इससे भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है।प्रभावित किसानों ने प्रशासन से फसल क्षति का सर्वे कराकर उचित मुआवजा देने की मांग की है, ताकि नुकसान झेल रहे किसानों को राहत मिल सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!