पाकुड़। झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) की झारखंड क्षेत्रीय कार्यकर्ता प्रतियोगिता परीक्षा-2024 के शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। 19 जुलाई (रविवार) को जिले के 15 परीक्षा केंद्रों पर होने वाली परीक्षा के दौरान प्रत्येक केंद्र के 200 मीटर दायरे में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा-163 लागू रहेगी।
परीक्षा तीन पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 8:30 से 10:30 बजे, दूसरी पाली 11:30 से 1:30 बजे और तीसरी पाली 3:30 से 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा की निगरानी के लिए सभी केंद्रों पर स्टैटिक दंडाधिकारी, जोनल दंडाधिकारी, उड़नदस्ता दल, गश्ती दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है।
अनुमंडल दंडाधिकारी साईमन मरांडी के आदेश के अनुसार परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले से शाम 6 बजे तक सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने, जुलूस, रैली, धरना-प्रदर्शन और हथियार लेकर चलने पर पूरी तरह रोक रहेगी। परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारियों, कर्मचारियों, पुलिसकर्मियों और परीक्षार्थियों के अलावा किसी अन्य व्यक्ति के अनावश्यक प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निषेधाज्ञा का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा-223 समेत अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने, प्रवेश पत्र और वैध पहचान पत्र साथ रखने तथा आयोग के सभी निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वहीं आम लोगों से भी परीक्षा अवधि के दौरान परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ नहीं लगाने और प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया गया है।





