पाकुड़। एंडेवर एकेडमी में रविवार को झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) की निःशुल्क साप्ताहिक मॉक टेस्ट सीरीज का आयोजन किया गया। इसमें जिले और आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे सैकड़ों अभ्यर्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी तैयारी का आकलन किया। एंडेवर एकेडमी, बीजीआर माइनिंग इंफ्रा एवं जिला प्रशासन, पाकुड़ के सहयोग से संचालित इस कोचिंग संस्थान में पिछले तीन वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी कराई जा रही है। संस्थान के अनुसार, यहां से हर वर्ष दर्जनों अभ्यर्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल कर चुके हैं। संस्थान के निदेशक विकास तिवारी की अध्यक्षता में आयोजित मॉक टेस्ट का उद्देश्य अभ्यर्थियों को वास्तविक परीक्षा जैसा माहौल उपलब्ध कराना और उनकी तैयारी का निष्पक्ष मूल्यांकन करना था। परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों को उनकी कमजोरियों और सुधार के बिंदुओं की भी जानकारी दी गई। विकास तिवारी ने बताया कि प्रत्येक प्रतियोगी परीक्षा से पहले संस्थान में नियमित रूप से निःशुल्क टेस्ट सीरीज आयोजित की जाती है, ताकि छात्र अपनी तैयारी को बेहतर बना सकें। उन्होंने कहा कि नियमित कक्षाओं के साथ कमजोर विद्यार्थियों के लिए स्पोकन इंग्लिश की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे उनका आत्मविश्वास और संचार कौशल विकसित हो सके।
उन्होंने प्रतियोगी छात्रों से अपील करते हुए कहा कि जेटेट, शिक्षक भर्ती, रेलवे, एसएससी, बैंकिंग सहित अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले अभ्यर्थी एंडेवर एकेडमी में आयोजित निःशुल्क टेस्ट सीरीज का लाभ उठाएं।
मॉक टेस्ट के सफल आयोजन में संस्थान के प्रिंस प्रकाश, नीरज कुमार राउत एवं खोखन रविदास ने सक्रिय भूमिका निभाई।








