पाकुड़। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत गुरुवार को नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल और उपाध्यक्ष राणा ओझा ने स्वयं एसआईआर प्रपत्र भरकर अभियान में अपनी सहभागिता दर्ज कराई। दोनों जनप्रतिनिधियों ने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से समय पर प्रपत्र भरने और आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपने बूथ स्तरीय पदाधिकारी (बीएलओ) को उपलब्ध कराने की अपील की। नगर परिषद अध्यक्ष सबरी पाल ने कहा कि मतदाता सूची का विशेष गहन पुनरीक्षण लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाने की महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित मतदाता सूची तैयार करने के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता की भागीदारी आवश्यक है। उपाध्यक्ष राणा ओझा ने भी लोगों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सभी परिवार अपने पात्र सदस्यों का सत्यापन निर्धारित समय-सीमा के भीतर अवश्य कराएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में सही जानकारी दर्ज होना लोकतंत्र को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
जिला प्रशासन ने भी सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे एसआईआर अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, बीएलओ को आवश्यक सहयोग दें और समय रहते सभी औपचारिकताएं पूरी कर अपने मतदाता विवरण का सत्यापन सुनिश्चित करें।








