छठ घाटों की साफ-सफाई का लिया जायजा, चेंजिंग रूम, डेंजर जोन चिन्हितीकरण, विद्युतीकरण, पार्किंग, यातायात व्यवस्था तथा सुरक्षा एवं विधि व्यवस्था संधारण को लेकर दिए आवश्यक दिशा निर्देश।
राजकुमार भगत
महापर्व छठ पूजा के मद्देनजर छठ घाटों पर प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के उद्देश्य से उपायुक्त मनीष कुमार द्वारा शहरी क्षेत्र अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने काली भसान पोखर, टीन बंग्ला पोखर, रामसागर पोखर छठ घाटों की साफ-सफाई और व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए दिए गए निर्देशों के अनुपालन का जायजा लेते हुए पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिया। उपायुक्त ने पुलिस, यातायात, विद्युत, आपदा प्रबंधन सहित सभी संबद्ध पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि आपस में समन्वय सुनिश्चित करते हुए घाट पर आने वाले छठव्रती एवं श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की कोई असुविधा का सामना न करना पड़े यह सुनिश्चित करेंगे। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था का पूर्ण रूप से अनुपालन हो इसे लेकर घाटों पर पर्याप्त संख्या में मजिस्ट्रेट और पुलिस ऑफिसर की प्रतिनियुक्ति हेतु निर्देशित किया। उपायुक्त ने जिलेवासियों से अपील किया कि जितने भी सुविधा और सुरक्षा के उपाय जिला प्रशासन द्वारा किए गए हैं उनका अनुपालन करें, विशेषकर चिन्हित किए गए डेंजर ज़ोन और सुरक्षा मार्किंग को न तोड़ें और अपनी सुरक्षा और दूसरों की भी सुरक्षा और सुविधा का ध्यान रखें। उन्होंने आस्था के इस पर्व को आस्था के अनुरूप ही मनाने की बात कहते हुए सभी जिलावासियों को छठ पर्व की शुभकामनाएं दी।






