महंगे दिन’ और ‘बेरोजगारी’ ने तोड़ी जनता की कमर: उपासना
गरीब और मध्यम वर्ग पर आर्थिक प्रहार: एजाजुल
पाकुड़: केंद्र सरकार की नीतियों और बढ़ती महंगाई के विरोध में गुरुवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के कार्यकर्ताओं ने गोकुलपुर स्थित पेट्रोल पंप के समीप एक दिवसीय धरना दिया। इस दौरान पार्टी नेताओं ने पेट्रोलियम पदार्थों और रसोई गैस की आसमान छूती कीमतों पर जमकर भड़ास निकाली और केंद्र की भाजपा सरकार को जनविरोधी करार दिया। धरने को संबोधित करते हुए झामुमो केंद्रीय समिति की सदस्य उपासना मरांडी उर्फ पिंकी ने केंद्र सरकार पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने कहा 2014 से देश की जनता ‘अच्छे दिन’ की आस लगाए बैठी थी, लेकिन बदले में उन्हें सिर्फ ‘महंगे दिन’ और ‘बेरोजगारी’ मिली है। केंद्र सरकार युद्ध का बहाना बनाकर गैस सिलेंडर के दाम बढ़ा रही है, जबकि हकीकत यह है कि चुनावी नतीजे आते ही जनता पर महंगाई का बोझ डाल दिया गया। पीएम उज्ज्वला योजना आज पूरी तरह विफल है क्योंकि गरीब माताएं-बहनें 1000 रूपये से अधिक का सिलेंडर नहीं खरीद सकतीं। सरकार उन्हें दोबारा चूल्हे और धुएं में धकेल रही है। वहीं, झामुमो के जिला अध्यक्ष एजाजुल इस्लाम ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि”केंद्र की भाजपा सरकार मनमाने तरीके से डीजल, पेट्रोल और एलपीजी के दाम बढ़ा रही है।महंगाई आज चरम सीमा पर है, जिससे आम आदमी का जीना मुहाल हो गया है। अमीर और अमीर होते जा रहे हैं, जबकि गरीब का चूल्हा बुझ रहा है। हमारी मांग है कि केंद्र सरकार तुरंत टैक्स कम करे और कीमतों को नियंत्रित करे। अगर जल्द ही राहत नहीं दी गई, तो झामुमो सड़क से लेकर सदन तक इस आंदोलन को और तेज करेगी।इस अवसर पर वरिष्ठ नेता श्याम यादव, जिला सचिव माइकल मुर्मू, उपाध्यक्ष हाजी समद अली, पीटर मरांडी, हरिवंश चौबे सहित जिला समिति के पदाधिकारी, केंद्रीय समिति के सदस्य और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।









