पाकुड़। हजारीबाग में दो पत्रकारों पर हुए हमले के विरोध में बुधवार को प्रेस क्लब पाकुड़ के बैनर तले जिले भर के पत्रकारों ने जोरदार प्रदर्शन किया। पत्रकारों ने काला बिल्ला लगाकर घटना के प्रति अपना विरोध जताया और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। बताया गया कि 28 अप्रैल 2026 को हजारीबाग में राज्य के मंत्री इरफान अंसारी के कार्यक्रम के दौरान सवाल पूछने पर उनके समर्थकों और कुछ असामाजिक तत्वों ने दो पत्रकारों पर हमला कर दिया था। हमलावरों ने पत्रकारों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया, जिससे वे घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्होंने स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई। इस घटना के विरोध में प्रेस क्लब पाकुड़ के अध्यक्ष मुकेश जायसवाल के नेतृत्व में पत्रकार एकजुट हुए और प्रेस क्लब परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि राज्य में लगातार पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं, जो लोकतंत्र की मूल भावना के खिलाफ है। प्रदर्शन के बाद पत्रकार समाहरणालय पहुंचे, जहां उन्होंने उपायुक्त मेघा भारद्वाज को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे और एक स्वर में कहा कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।







