सुदीप कुमार त्रिवेदी
के के एम कालेज के आदिवासी छात्र संघ ने के बैनर तले सैकड़ों छात्रों ने आज सुबह पाकुड़ दुमका मुख्य सड़क को जाम कर दिया जिसके कारण पाकुड़ दुमका मुख्य सड़क पूरी तरह से घंटो बाधित रहा । कुमार कालिदास मेमोरियल कालेज के आदिवासी छात्रों ने पाकुड़ उपायुक्त आवास सह छोटी अलीगंज के मुख्य चौराहे पर ही अपनी माँगों के समर्थन में बैठ गए। बताते चले कि उक्त जगह पर चार रास्ते आकर मिलते हैं । इस बाबत उक्त कालेज के आदिवासी छात्र संघ के नेता नवीन हाँसदा ने बताया कि सुबह कालेज के छात्रावास के कुछ छात्र लोटामारा से भोजन बनाने हेतु कोयला खरीद कर कालेज आ रहे थे, रास्ते में पुलिस के गस्ती दलों के द्वारा कोयला लेकर आ रहे छात्रों के साथ मार पीट की गई एवं कोयला छीन लिया गया । छात्र नेता ने आगे बताया कि उनकी माँग यह है कि हर तीन माह पर एक गाड़ी कोयला कालेज छात्रावास को मुहैया कराया जाए ताकि छात्रावास का भोजन बन सके । सड़क जाम की सूचना पाते ही नगर थाने से एएसआई सनातन माँझी एवं मनोज कुमार साह की टीम घटना स्थल पर पहुँचकर मामले को शांत कराया एवं छात्रों को समझा-बुझाकर अवरुद्ध मार्ग के परिचालन को सामान्य किया । छात्रों के इस सड़क जाम में हालांकि हर तरह के वाहन को रोक दिया गया था, परंतु स्कूली वाहन व स्कूल जाने वाले छात्रों को जाने दिया जा रहा था । इस मामले को लेकर कुछ सवाल स्वाभाविक है कि जब छात्रावास कालेज का है तो फिर भोजन पकाने के जलावन की व्यवस्था क्यों नही है ? इस संबंध मे छात्र संघ के एक दूसरे नेता ने पूछने पर बताया कि कल्याण विभाग से उनलोगों को किसी तरह की सुविधा नही मिल रही है, दूसरा सवाल यह कि जब कोयला चोरी की रोकथाम के लिए प्रशासन इतना ही प्रतिबद्ध है तो फिर पूरी तरह से कोयला चोरी की घटना बंद क्यों नही हो पा रही है ?






