अमड़ापाड़ा (पाकुड़): थाना क्षेत्र के पचुआड़ा गांव के पास बीजीआर कोल कंपनी के निर्माणाधीन पुलिया स्थल पर अज्ञात नकाबपोश अपराधियों द्वारा 50 लाख की लेवी मांगने का मामला सामने आया है। अपराधियों ने मौके पर तैनात सुरक्षा गार्ड को भाकपा माओवादी और टीपीसी के नाम से एक पर्ची सौंपकर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। जानकारी के अनुसार बीजीआर कंपनी द्वारा कोयला परिवहन के लिए नई सड़क का निर्माण कराया जा रहा है, जो आलूबेड़ा गांव से डांगापाड़ा और बड़दाहा होते हुए बरमसिया के पास जुड़ती है। इसी मार्ग में बड़दाहा स्थित इकड़ी नाला के पास पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है। घटना बीते 14 मई की रात लगभग 12 बजे की बताई जा रही है, जब एसआईएस कंपनी के सुरक्षा गार्ड और ग्रामीण गार्ड ड्यूटी पर तैनात थे। इसी दौरान दो नकाबपोश अपराधी वहां पहुंचे और सुरक्षा गार्ड मनोज मुर्मू को लेवी मांग वाली पर्ची थमा दी। पर्ची में 50 लाख की मांग के साथ चेतावनी दी गई कि रकम नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। बताया जाता है कि पर्ची पढ़ने के लिए दबाव बनाने पर सुरक्षा गार्ड भय के कारण कांपते हुए उसे पढ़कर सुनाने को मजबूर हुआ। इसके बाद दोनों अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी अगले दिन 15 मई को कोल प्रबंधन और पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस बल के साथ पदाधिकारी पप्पू कुमार मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने कंपनी के अधिकारियों और सुरक्षा कर्मियों से पूछताछ भी की। इसके बाद 16 मई को कोल प्रबंधन की ओर से अमड़ापाड़ा थाना में लिखित आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक अनूप रोशन भेंगरा ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।








