मेदिनीनगर : योध सिंह नामधारी महिला महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर कल हुए NEET परीक्षा हंगामे ने अब तूल पकड़ लिया है। इस पूरे मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने खुलकर छात्रों के समर्थन में अपनी बात रखी है।
ABVP के प्रतिनिधियों ने कहा कि परीक्षा के दौरान भारी कुप्रबंधन, प्रश्न पत्र से जुड़ी गड़बड़ियां और एडमिट कार्ड संबंधी समस्याओं ने छात्रों को मानसिक रूप से परेशान किया। जब छात्रों ने इन मुद्दों पर आवाज उठाई, तो प्रशासन ने उनकी बात सुनने के बजाय बल प्रयोग किया, जो निंदनीय है।
संगठन ने आरोप लगाया कि SDM के आदेश पर हुए लाठीचार्ज में कई छात्र घायल हुए, जिससे शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। ABVP ने इस घटना की निष्पक्ष जांच कराने, दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई करने और घायल छात्रों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।
वहीं, स्थानीय अभिभावकों और सामाजिक संगठनों में भी इस घटना को लेकर आक्रोश है। सभी ने मिलकर प्रशासन से पारदर्शिता और न्याय की मांग की है।
यह मामला अब सिर्फ एक परीक्षा केंद्र की अव्यवस्था तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि छात्रों के अधिकार और शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा बड़ा मुद्दा बन चुका है।










