अक्षय कुमार
रामगढ़। बरसात एवं तेज हवाओं के दौरान सड़क किनारे खड़े सूखे पेड़ों के गिरने से संभावित दुर्घटनाओं को देखते हुए विगत कई दिनों से जनता दरबार में भाजपा नेता एवं सांसद प्रतिनिधि धनंजय कुमार पुटूस के समझ चिंतित वर्ग द्वारा उपरोक्त समस्या के निदान हेतु मांग रखी गईं थी इस गंभीर समस्या पर त्वरित पहल करते हुए श्री पुटूस ने रामगढ़ के डीएफओ नीतीश कुमार से मुलाकात की।

उन्होंने सैनी होटल से लेकर नया मोड़, कुज्जू तक सड़क किनारे स्थित सूखे एवं जर्जर पेड़ों को शीघ्र कटवाने की मांग करते हुए कहा कि इन सूखे व जर्जर पेड़ों के कारण राहगीरों एवं वाहन चालकों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। श्री पुटूस ने कहा कि बरसात के मौसम में तेज हवाओं के कारण सूखे पेड़ कभी भी गिर सकते हैं, जिससे बड़ी दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है। विगत दिनों मेरे जनता दरबार में भी लोगों ने इस विषय से मुझे अवगत कराया था। इसलिए जनहित एवं लोगों की सुरक्षा को देखते हुए समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
मौके पर डीएफओ नीतीश कुमार ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए बताया कि संबंधित मार्ग पर सूखे पेड़ों की कटाई के लिए सड़क निर्माण विभाग (आरसीडी) को अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि यदि निरीक्षण के दौरान अन्य ऐसे पेड़ चिन्हित होते हैं, जिनके गिरने से दुर्घटना की संभावना है, तो उन्हें भी नियमानुसार कटवाने की कार्रवाई की जाएगी।





