पाकुड़। वीरता, कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट सेवा के लिए पाकुड़ पुलिस के दो कर्मियों को पदोन्नति मिलने पर गुरुवार को सम्मानित किया गया। सांसद विजय हांसदा, विधायक स्टीफन मरांडी, हेमलाल मुर्मू, विधायक निसात आलम, उपायुक्त मेघा भारद्वाज और एसपी अनुदीप सिंह ने पदोन्नत पुलिसकर्मियों को बैच पहनाकर बधाई दी। आयुध अवर निरीक्षक बैजु रजक को आयुध निरीक्षक तथा आरक्षी-235 शेख सिकन्दर को सहायक अवर निरीक्षक पद पर पदोन्नति मिली है। एसपी अनुदीप सिंह ने कहा कि पदोन्नति उनके उत्कृष्ट कार्य, कर्तव्यनिष्ठा और समर्पण का सम्मान है। उन्होंने नई जिम्मेदारियों का ईमानदारी और पूरी निष्ठा से निर्वहन करते हुए अपराध नियंत्रण एवं विधि-व्यवस्था में योगदान देने की अपील की। समारोह में पुलिस के कई वरीय अधिकारी व जवान मौजूद रहे।









