Search

June 17, 2026 3:31 pm

डीएवी पाकुड़ में शिक्षकों का ‘ज्ञान मंथन’, तीन दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला में निखरे शिक्षण के नए आयाम

पाकुड़। डीएवी पब्लिक स्कूल पाकुड़ में आयोजित तीन दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला शनिवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुई। डीएवी सीएई नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यशाला में झारखंड जोन के विभिन्न विद्यालयों के करीब 200 शिक्षकों ने हिस्सा लिया और आधुनिक शिक्षण तकनीकों के साथ बेहतर शैक्षणिक तरीकों की जानकारी प्राप्त की। 11 से 13 जून तक चले इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों की क्षमता में वृद्धि करना, छात्रों के लिए तनावमुक्त एवं प्रभावी शिक्षण वातावरण तैयार करना तथा शिक्षा की गुणवत्ता को और बेहतर बनाना था। कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि पाकुड़ न्यायालय के जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम कुमार क्रांति प्रसाद ने प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती एवं अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विद्यालय के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत कर अतिथियों का अभिनंदन किया। इस दौरान गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, शारीरिक शिक्षा और कला विषयों के शिक्षकों को प्रशिक्षकों द्वारा नवीन शिक्षण पद्धतियों, छात्र मानसिक स्वास्थ्य, योग, ध्यान, खेलकूद एवं संतुलित जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया। मुख्य अतिथि कुमार क्रांति प्रसाद ने कहा कि ऐसी कार्यशालाएं शिक्षकों के ज्ञान और कौशल को समृद्ध करती हैं। प्रशिक्षण से मिली नई जानकारियां कक्षा शिक्षण को और प्रभावी बनाने में सहायक होंगी। कार्यशाला में डीएवी महेशपुर, महगामा, देवघर, जामताड़ा, गिरिडीह, सरिया, चित्रा, बोकारो, कोडरमा, दुमका, साहिबगंज एवं पाकुड़ सहित कई विद्यालयों के शिक्षकों ने भाग लिया। समापन समारोह में शिक्षकों ने प्रशिक्षण कार्यक्रम और विद्यालय की व्यवस्थाओं की सराहना की।

img 20260613 wa00036286806632204430814
img 20260613 wa00023738745279553469058

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!