पाकुड़। नगर परिषद अध्यक्ष और 21 वार्डों के पार्षद पद के लिए नामांकन की प्रक्रिया 4 फरवरी को पूरी हो गई। अंतिम दिन नामांकन केंद्रों पर काफी चहल-पहल रही। कई प्रत्याशियों ने अपने वार्ड छोड़कर दूसरे वार्डों से नामांकन किया, जिससे मुकाबला और रोचक हो गया है। नए चेहरों के साथ पुराने पार्षद भी मैदान में उतरे हैं। पूर्व पार्षद अपने कार्यकाल के विकास कार्यों को आधार बनाकर जनता से समर्थन मांगने की तैयारी में हैं। अध्यक्ष पद महिला के लिए आरक्षित होने के कारण चुनावी मैदान में महिलाओं की भागीदारी ज्यादा दिखी। अंतिम दिन कुल 6 महिला उम्मीदवारों ने अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया। इनमें भाजपा समर्थित सम्पा साहा, समाजसेवी शबरी पाल, ज्योति दुबे, मुकुल भट्टाचार्य और पूर्व पार्षद मोनिता कुमारी शामिल हैं। सभी प्रत्याशियों ने समर्थकों के साथ पहुंचकर शक्ति प्रदर्शन किया। वार्ड पार्षद पद के लिए भी बड़ी संख्या में उम्मीदवार सामने आए हैं। वार्ड संख्या 1 से 5 तक कुल 13 उम्मीदवारों ने अंतिम दिन पर्चा दाखिल किया, जबकि वार्ड संख्या 12 से 16 तक 9 प्रत्याशियों ने नामांकन किया। नामांकन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे। नामांकन की प्रक्रिया पूरी होने के साथ ही नगर निकाय चुनाव की तस्वीर साफ होने लगी है। अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला बहुकोणीय हो गया है। प्रत्याशियों की सक्रियता और समर्थकों की भीड़ से शहर का चुनावी माहौल पूरी तरह गर्म हो गया है।











