शिवगादी,मोतीझरना और बाबा धाम में जलाभिषेक को निकले हजारों श्रद्धालु।
पाकुड़। सावन के चौथे और अंतिम सोमवार पर बाबा धाम देवघर के लिए कांवरियों का रेला उमड़ पड़ा। रविवार देर रात से ही रेलवे स्टेशन पर कांवरियों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। मोतीझरना, शिवगद्दी होते हुए कांवरिया सुल्तानगंज के लिए रवाना हो रहे हैं। गांव-शहर से आए श्रद्धालु हर हर महादेव और बम बम भोले के जयघोष के साथ बाबा पर जल चढ़ाने निकल पड़े हैं। सावन के अंतिम सोमवार को भगवान शिव को जल अर्पण करना बेहद पुण्यदायक माना जाता है, इसी आस्था के साथ कांवर यात्रा में भारी संख्या में लोग पैदल निकल पड़े हैं।
कांवरिए नंगे पांव बांस से बनी रंग-बिरंगी कांवर लेकर यात्रा पर हैं। कोई झुंड में, कोई परिवार संग और कई युवा समूहों में शामिल होकर शिवगद्दी और बाबा धाम की ओर कूच कर चुके हैं। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर रविवार को देर शाम से लेकर रात भर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। पुलिस-प्रशासन ने भीड़ को देखते हुए स्टेशन पर विशेष व्यवस्था की है।
श्रद्धा, आस्था और जुनून के संग कांवरियों की टोली आज बाबा के दरबार में जल चढ़ाकर सावन का व्रत पूर्ण करेगी। स्टेशन से लेकर हाईवे तक ‘हर हर महादेव’ की गूंज सुनाई दे रही है।







