रेलवे मैदान में छह टीमों के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, खिलाड़ियों ने दिखाया शानदार खेल कौशल।
राजकुमार भगत
पाकुड़। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन (खेल कार्यालय), पाकुड़ एवं जिला वॉलीबॉल संघ के संयुक्त तत्वावधान में रेलवे मैदान में एक दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में जिले की छह टीमों ने हिस्सा लिया। दिनभर चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने दमदार सर्विस, शानदार स्मैश और बेहतरीन डिफेंस से खेलप्रेमियों को रोमांचित किया। प्रतियोगिता का उद्घाटन नगर परिषद की वार्ड पार्षद निभा देवी, ईआरएमयू के सचिव संजय कुमार ओझा, ईजरप्पा के सचिव राणा शुक्ला एवं जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव हिसाबी राय ने संयुक्त रूप से किया। अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए युवाओं से खेल को जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
प्रतियोगिता के शुरुआती मुकाबलों में राज हाई स्कूल और हरिणडंगा हाई स्कूल के बीच संघर्ष हुआ। वहीं डे बोर्डिंग-1 ने अंजना को 2-1 से हराया, जबकि डे बोर्डिंग-2 ने बैंक कॉलोनी को पराजित कर अगले चरण में प्रवेश किया। इसके बाद हुए मुकाबलों में भी खिलाड़ियों ने जीत के लिए पूरा दमखम लगाया। फाइनल मुकाबला डे बोर्डिंग-1 और डे बोर्डिंग-2 के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। जोरदार सर्विस, स्मैश और शानदार डिफेंस ने मुकाबले का रोमांच बढ़ा दिया। अंततः डे बोर्डिंग-1 ने डे बोर्डिंग-2 को 2-1 से पराजित कर विजेता ट्रॉफी अपने नाम कर ली। फाइनल मुकाबले के दौरान जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कौशिक, नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा, वार्ड पार्षद निभा देवी, संजय कुमार ओझा, विपिन कुमार चौधरी, जिला वॉलीबॉल संघ के सचिव हिसाबी राय, खेल प्रशिक्षक उज्जय राय समेत बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।
नगर परिषद उपाध्यक्ष राणा ओझा ने कहा कि खेल केवल जीत-हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की सीख देता है। वहीं जिला क्रीड़ा पदाधिकारी राहुल कौशिक ने खिलाड़ियों को सफलता और असफलता से सीख लेते हुए निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीम को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के निर्णायक निर्भय सिंह, अभिषेक भगत और रातुल दे को भी जिला क्रीड़ा पदाधिकारी की ओर से सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन से जिले के खेलप्रेमियों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखने को मिला।





