अक्षय कुमार
रामगढ़। शुक्रवार को राधा गोविन्द विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय प्लास्टिक बैग मुक्त दिवस के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं प्लास्टिक प्रदूषण के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से व्याख्यान, शपथ ग्रहण एवं जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।


कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित व्याख्यान सत्र में डॉ. पूजा कुमारी जायसवाल, डॉ. विजय कुमार पाण्डेय एवं डॉ. धीरज कुशवाहा ने प्लास्टिक बैग के दुष्प्रभावों, पर्यावरण संरक्षण तथा एकल-उपयोग प्लास्टिक के विकल्प अपनाने की आवश्यकता पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने विद्यार्थियों से कपड़े एवं जूट के थैलों का उपयोग करने तथा पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। इस अवसर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति बी एन साह साह ने कहा प्लास्टिक-मुक्त समाज का निर्माण जनभागीदारी से ही संभव है।

प्रत्येक नागरिक को कपड़े या जूट के थैले के उपयोग की आदत विकसित करनी चाहिए और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। सचिव प्रियंका कुमारी ने अपने संदेश में कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में प्लास्टिक बैग का उपयोग बंद करने का संकल्प ले, तो हम स्वच्छ, हरित और टिकाऊ भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा सकते हैं।










